आगरा: एक परिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. बेटे ने अपनी मां को जहर देकर मारने की कोशिश की. सास के दबाव में बेटे ने छोले में जहर मिलाकर मां को खिला दिया. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि सास का नाम भी FIR में शामिल किया गया है.
9 जुलाई को आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र के बरपुरा गांव में यह घटना हुई. आरोपी रविंद्र ने अपनी मां रम्मूर्ति को छोले खिलाए, जिनमें उसने जहर मिला दिया था. मां बीमार पड़ गईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.
FIR के अनुसार, रविंद्र की पत्नी मायके चली गई थी. उसकी मां फूलवती ने रविंद्र को फोन कर बुलाया और जहर का पैकेट देते हुए कहा कि "अपनी मां को हटा दो, तभी बेटी वापस आएगी". रविंद्र ने इसी जहर को मां के खाने में मिला दिया.
रविंद्र के भाई मुकेश ने बताया कि जमीन के विवाद के चलते यह साजिश रची गई. पत्नी के मायके जाने के बाद सास ने यह शर्त रखी. पीड़िता के पति रणवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने BNS की धारा 61, 109 और 123 के तहत मामला दर्ज किया. रविंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि फूलवती के खिलाफ भी जांच चल रही है.
पुलिस फॉरेंसिक रिपोर्ट और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी. यह मामला परिवारिक कलह और लालच की कैसी गहराई दिखाता है, जहां बेटा अपनी मां तक को जहर दे देने से बाज नहीं आया.