बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की हत्या, दुबई से रवाना हुए मुकेश सहनी

Global Bharat 16 Jul 2024 02:57: PM 1 Mins
बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता की हत्या, दुबई से रवाना हुए मुकेश सहनी

विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या की खबर आई है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि उनके पिता दरभंगा स्थित अपने घर में रह रहे थे. अपराधियों ने बड़े ही निर्ममता से उनकी हत्या की है. बताया जा रहा है कि अपराधियों ने धारदार हथियार से उनका पेट फाड़ दिया, जिससे उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई. जांच के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है कि मुकेश सहनी के पिता की हत्या क्यों की गई है.

इससे पहले घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी. स्थानीय डीएसपी ने बताया कि एफएसएल टीम को बुलाकर घर की पूरी जांच कराई जाएगी, ताकि पूरा मामला स्पष्ट हो सके. वहीं हत्या को लेकर पुलिस ने बताया कि अपराधियों के द्वारा उनके शरीर पर धारदार हथियार से कई बार वार किए गए. उनका शव क्षत-विक्षत हालत में पुलिस को मिला है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि जीतन सहनी घर पर अकेले रहते थे. उनके साथ कुछ नौकर भी रहते थे, जिससे पूछताछ की जाएगी कि घटना के वक्त वे कहां थे.

पुलिस ने बताया कि जीतन सहनी की पत्नी की मौत 10 वर्ष पहले हो गई थी, तभी से वह यहां अकेले ही रहते थे. वहीं दुबई में होने के कारण मुकेश सहनी तत्काल दरभंगा नहीं पहुंच सके हैं. हालांकि वे दुबई से रवाना हो चुके हैं. बताया जा रहा है कि शाम तक वह घटना स्थल पर पहुंच जाएंगे. जीतन सहनी की हत्या क्यों की गई है, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस को चोरों पर शक हो रहा है, क्योंकि जब पुलिस वारदात स्थल पर पहुंची थी, उस समय घर का सामान बिखरा हुआ था.

इस लेकर जीतन सहनी के परिजनों ने कहा कि उनका राजनीति या किसी व्यवसाय से कोई लेना-देना नहीं था. वह गांव में ही रहते थे और काफी साधारण तरीके से जिंदगी जीते थे. उनकी हत्या क्यों की गई है, यह किसी को भी समझ में नहीं आ रहा है. वहीं इस घटना को लेकर विपक्ष ने नीतीश सरकार को घेरना शुरू कर दिया है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. बिहार पुलिस वस्तृत जांच में जुटी हुई है.

Recent News