जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक हैरान कर देने वाली घटना ने सोशल मीडिया को हिला दिया है. एक युवती ने सरेआम सड़क पर अपने कपड़े उतार दिए, भद्दी-भद्दी गालियां दीं और कैब ड्राइवर की टी-शर्ट तक फाड़ दी. आसपास मौजूद लोगों ने वीडियो बनाना शुरू कर दिया, लेकिन किसी ने उसे रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई.
घटना का वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है. 9 जून की सुबह मालवीय नगर के गौरव टावर के बाहर यह हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ. हिमाचल प्रदेश की बताई जा रही युवती जयपुर घूमने आई थी. दोस्तों के साथ होटल में रुकने के बाद उसने कैब बुक की और घूमने निकली. लेकिन गौरव टावर पहुंचते ही अचानक उसका व्यवहार बदल गया.
उसने कैब रोकी, सड़क पर उतरकर कपड़े उतारने शुरू कर दिए और जोर-जोर से चिल्लाने लगी. गुस्से में उसने कैब ड्राइवर के साथ हाथापाई की, पत्थर उठाकर कार के शीशे तोड़ दिए और एक शख्स की टी-शर्ट फाड़ दी. पूरा हंगामा करीब एक घंटे तक चलता रहा. वीडियो में साफ दिख रहा है कि आसपास कई लोग खड़े थे, लेकिन वे दूरी बनाकर सिर्फ वीडियो शूट करते रहे.
किसी ने युवती को शांत करने या मदद करने की कोशिश नहीं की. इस बात पर सोशल मीडिया पर खूब बहस छिड़ी है कि संकट में फंसी महिला की मदद करने की बजाय वीडियो वायरल करना कितना सही है. जवाहर सर्किल थाना पुलिस को सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची. पुलिस ने युवती को काबू में लिया और अस्पताल ले जाकर प्राथमिक इलाज कराया.
बाद में उसे अपराजिता सेंटर भेजा गया, जहां काउंसलिंग हुई. युवती ने मेडिकल जांच से इनकार कर दिया, इसलिए यह साफ नहीं हो सका कि वह नशे में थी या मानसिक रूप से परेशान थी. पुलिस के मुताबिक, न तो कैब ड्राइवर ने शिकायत दर्ज कराई और न ही युवती की तरफ से कोई शिकायत आई. कुछ देर बाद युवती अपने साथियों के साथ जयपुर छोड़कर चली गई.
यह घटना मानसिक स्वास्थ्य, नशे और सार्वजनिक व्यवहार पर सवाल उठा रही है. साथ ही लोगों की संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े कर रही है. जयपुर की सड़कों पर ऐसा हंगामा पहले भी देखा गया है, लेकिन इस बार वीडियो ने पूरे मामले को नया रूप दे दिया.