Gold and Silver Prices: सर्राफा बाजार में पिछले 10 दिनों के अंदर सोने और चांदी दोनों की कीमतों में काफी तेज गिरावट दर्ज की गई है. इस दौरान सोने के भाव में 13,494 रुपए प्रति 10 ग्राम की भारी कमी आई, जबकि चांदी भी हजारों रुपए सस्ती हो गई. इंडियन बुलियन ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 16 मार्च 2026 को 24 कैरेट सोने का भाव 1,56,436 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 27 मार्च 2026 को घटकर 1,42,942 रुपए रह गया.
इसी तरह एक किलोग्राम चांदी की कीमत 16 मार्च को 2,52,793 रुपए थी, जो 27 मार्च तक 2,21,647 रुपए पर आ गई. इस हिसाब से चांदी में भी करीब 31,146 रुपए की बड़ी गिरावट देखने को मिली.लेकिन दिलचस्प बात यह है कि पिछले एक हफ्ते में बाजार में अचानक उलटफेर हुआ है. 23 मार्च को सोना जहां 1,35,141 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था, वहीं सप्ताह के अंत तक इसमें करीब 8,500 रुपए की बढ़ोतरी हो गई. चांदी के दाम भी इस दौरान 6,000 रुपए से ज्यादा चढ़ गए.
एक्सपर्ट्स का कहना है कि दुनिया भर में बढ़ते तनाव और तेल की सप्लाई पर पड़ रहे असर से महंगाई बढ़ने की आशंका जताई जा रही है. ऐसे समय में निवेशक सुरक्षित निवेश के रूप में सोने की तरफ आकर्षित होते हैं, जिसकी वजह से इसकी कीमतें ऊपर जाती हैं.घरेलू स्तर पर भी सकारात्मक संकेत मिल रहे हैं. जल्द ही शादी-विवाह का मौसम शुरू होने वाला है, जिससे सोने-चांदी की डिमांड में इजाफा होने की उम्मीद है.
इससे कीमतों में और तेजी आ सकती है.कुल मिलाकर अभी बाजार काफी अनिश्चित बना हुआ है. लगातार गिरावट के बाद अब इसमें रिकवरी के संकेत दिख रहे हैं. इसलिए खरीदारों और निवेशकों को सलाह दी जा रही है कि वे आने वाले दिनों में कीमतों पर लगातार नजर रखें और कोई भी फैसला सोच-समझकर लें.