नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिम बंगाल को लेकर बड़ा विवादित बयान दिया है. मिर्जापुर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यदि बंगाल में “बाबरी” के नाम पर कोई मस्जिद बनाई गई तो 2026 में वहां भाजपा की सरकार बनते ही उसे ढहा दिया जाएगा. यह बयान ऐसे समय आया है जब मुर्शिदाबाद जिले में टीएमसी से निलंबित नेता हुमायूं कबीर ने अपनी जमीन पर “बाबरी मस्जिद” नाम से नई मस्जिद का शिलान्यास किया.
मौलानाओं की मौजूदगी में फीता काटकर और दुआएं पढ़कर उन्होंने मस्जिद की नींव रखी, जिसके बाद से राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. दूसरी तरफ, AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने आज यानी 6 दिसंबर (बाबरी ढांचा विध्वंस की 33वीं बरसी) के मौके पर अपने पुराने भाषण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया.
वीडियो में वे कह रहे हैं, “जब तक ये दुनिया कायम है, तब तक हम बाबरी मस्जिद का जिक्र करते रहेंगे. हिंदुस्तान में हम बाबरी मस्जिद की शहादत का जिक्र करते रहेंगे.” यह पोस्ट कुछ ही घंटों में वायरल हो गई. इधर, 6 दिसंबर को लेकर पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं. अयोध्या, वाराणसी, मथुरा समेत संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.