लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में एक युवक द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए कथित आपत्तिजनक वीडियो को लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है. आरोपी की पहचान मोहम्मद मुबारक के रूप में बताई जा रही है. वायरल वीडियो में वह भारत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ विवादित टिप्पणियां करता हुआ दिखाई दे रहा है. साथ ही वह ईरान से भारत पर मिसाइल हमला करने जैसी बातें कहता हुआ भी सुनाई देता है.
वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली. बड़ी संख्या में लोगों ने इसे देश विरोधी बयान बताते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. मामले ने तेजी से तूल पकड़ा, जिसके बाद पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए कानूनी कार्रवाई शुरू की.
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि वीडियो कब बनाया गया, किस प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया और इसके पीछे आरोपी की मंशा क्या थी. अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी.
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी भड़काऊ या विवादित सामग्री को साझा करने से बचें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
₹