नई दिल्ली: मध्य प्रदेश में सत्ताधारी भाजपा के एक मंत्री के भाई पर महिला सरकारी अधिकारी को गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगा है. अलीराजपुर जिले की जनपद पंचायत की सीईओ प्रिया काग के साथ हुई इस घटना में मंत्री नागर सिंह चौहान के भाई इंदर सिंह चौहान पर अभद्र व्यवहार का मामला दर्ज किया गया है.
बताया जाता है कि कन्या विवाह योजना के तहत पहले से विवाहित महिलाओं के आवेदनों को नियम के अनुसार निरस्त किए जाने पर इंदर सिंह नाराज थे. उन्होंने महिला सीईओ को गुस्से में कहा कि तेरे दांत तोड़ दूंगा, तुझे यहीं जिंदा गाड़ दूंगा. इतना ही नहीं, वे महिला अधिकारी की ओर मारने के लिए भी दौड़े. मामले में अलीराजपुर पुलिस ने इंदर सिंह चौहान के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर ली है. उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 132, 224, 221, 351(2) और 126(2) लगाई गई हैं.
पुलिस अब इसकी जांच कर रही है. मंत्री नागर सिंह चौहान ने इस पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि वे अपने भाई इंदर सिंह से कई सालों से बात तक नहीं करते. उनका कहना है कि भाई अलग रहता है और अपना अलग काम करता है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में कानून अपना कोर्स करेगा. वहीं, कांग्रेस ने इस घटना पर तीखा हमला बोला है.
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि यह घटना मोहन सरकार के लिए शर्मनाक है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार ने अब इस हद तक बढ़ गई है कि मंत्री के रिश्तेदार भी महिला अधिकारियों को खुलेआम धमकाने लगे हैं. पटवारी ने कहा कि दांत तोड़ दूंगा, जिंदा गाड़ दूंगा जैसी भाषा एक महिला अधिकारी के लिए इस्तेमाल करना बेहद निंदनीय है.
उन्होंने इसे भाजपा का 'नारी वंदन' बताया और कहा कि ऐसे कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं. कांग्रेस का कहना है कि अगर ऐसे लोगों को सख्त सजा नहीं मिली तो भविष्य में कोई भी यूपीएससी की परीक्षा देकर प्रशासनिक सेवा में आने का जोखिम नहीं उठाएगा. यह घटना विधायक प्रीतम लोधी द्वारा आईपीएस अधिकारी को धमकाने वाले मामले के कुछ दिनों बाद ही सामने आई है, जिससे मध्य प्रदेश की राजनीति में सियासी घमासान तेज हो गया है.