विशाखापत्तनम की HPCL रिफाइनरी में भीषण आग, आसमान छूती लपटें और गाढ़ा धुआं; हताहत की कोई खबर नहीं

Amanat Ansari 03 Nov 2026 12:31 AM 1 Mins
विशाखापत्तनम की HPCL रिफाइनरी में भीषण आग, आसमान छूती लपटें और गाढ़ा धुआं; हताहत की कोई खबर नहीं

विशाखापत्तनम: आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) की रिफाइनरी में सोमवार रात को अचानक भीषण आग लग गई. आग की लपटें आसमान की तरफ उठने लगीं और रिफाइनरी के आसपास के इलाकों में गाढ़ा काला धुआं फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में घबराहट का माहौल पैदा हो गया.

जानकारी के मुताबिक, आग रिफाइनरी की रेसिड्यू अपग्रेडेशन फैसिलिटी (RUF) के एक पिच टैंक में लगी थी. टैंक में रखा गया प्रोडक्ट काफी गाढ़ा (हाई विस्कोसिटी) था, जिसकी वजह से आग लगने पर धुआं बहुत ज्यादा गाढ़ा और काला निकल रहा था. आग लगते ही तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई. कई फायर टेंडर मौके पर पहुंचे और फायरफाइटिंग टीमें आग पर काबू पाने में जुट गईं. टीमों ने आग को फैलने से रोकने के लिए तुरंत काम शुरू कर दिया.

HPCL के एक अधिकारी के अनुसार, अब तक किसी के घायल होने की कोई जानकारी नहीं मिली है. प्रॉपर्टी को कितना नुकसान हुआ, इसका सही अंदाजा बाद में लगाया जाएगा. फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है. फायरफाइटिंग टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग को पूरी तरह बुझाने की कोशिश कर रही हैं. आसपास के इलाकों में धुआं फैलने की वजह से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

पुलिस और प्रशासन ने भी इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. विस्फोट की अफवाहें फैलीं, लेकिन अधिकारियों ने साफ किया कि टैंक में कोई बड़ा विस्फोट नहीं हुआ है. आग के कारण की जांच चल रही है. रिफाइनरी के अन्य संचालन सामान्य बताए गए हैं.

Recent News