अलीगढ़ में 'लव ट्राएंगल' का खूनी अंजाम, शादीशुदा महिला ने पूर्व प्रेमी को घर बुलाकर पति और नए यार के साथ मिलकर कर दी हत्या

Amanat Ansari 28 Jul 2026 06:09: PM 1 Mins
अलीगढ़ में 'लव ट्राएंगल' का खूनी अंजाम, शादीशुदा महिला ने पूर्व प्रेमी को घर बुलाकर पति और नए यार के साथ मिलकर कर दी हत्या

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में तीन महीने पहले नहर में मिले अज्ञात युवक के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. यह मामला बेहद सनसनीखेज निकला है, जिसमें एक शादीशुदा महिला ने अपने पूर्व प्रेमी को रास्ते से हटाने के लिए पति और नए प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से हत्या कर दी.

पुलिस के मुताबिक, रामपुर गांव निवासी कल्पना का पिछले पांच साल से अमित के साथ प्रेम संबंध चल रहा था. बाद में कल्पना की दोस्ती बुलंदशहर के लोकेश से हो गई और दोनों के बीच भी प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. पुराने प्रेमी अमित को हटाने के लिए कल्पना ने पति संजू और प्रेमी लोकेश के साथ साजिश रची.

30 अप्रैल की रात कल्पना ने अमित को घर बुलाया. वहां पहले से पति संजू और लोकेश मौजूद थे. तीनों ने मिलकर अमित पर फूंकनी और लोहे के कड़े से हमला कर उसे मार डाला. इसके बाद शव को कासिमपुर नहर में फेंक दिया ताकि पहचान न हो सके.

2 मई को नहर में शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की. तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कल्पना और लोकेश को गिरफ्तार कर लिया. हत्या में इस्तेमाल हथियार और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है. महिला का पति संजू अभी फरार है, पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है.

एसएसपी नीरज जादौन ने मामले का खुलासा करते हुए इस सफलता पर थाना जंवा पुलिस टीम को 25 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की है. यह मामला प्रेम और विश्वासघात की कहानी को एक बार फिर उजागर करता है, जहां पुराने संबंधों को खत्म करने के लिए हत्या तक की साजिश रची गई.

Aligarh blind murder EX boyfriend murder Love affair murder

Recent News