मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक डिप्टी कलेक्टर पर युवती के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अधिकारी ने फेसबुक पर दोस्ती बढ़ाई, शादी का लालच देकर लंबे समय तक उसका शारीरिक शोषण किया और जब शादी का दबाव पड़ा तो इंकार कर धमकियां देने लगा.
फेसबुक से शुरू हुआ रिश्ता
32 वर्षीय युवती के अनुसार, वर्ष 2025 की शुरुआत में फेसबुक के जरिए उसकी मुलाकात सबलगढ़ के तत्कालीन एसडीएम अरविंद माहौर से हुई. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मुलाकातें शुरू हो गईं. युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी करने का वादा किया, जिस पर भरोसा करते हुए उसने उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए. वह उसे अपना भविष्य समझने लगी थी.
रेस्ट हाउस और फ्लैट में हुई घटनाएं
पीड़िता की शिकायत के मुताबिक, 30 मार्च 2025 को आरोपी उसे घूमने के बहाने मुरैना के रेस्ट हाउस के पीछे ले गया और वहां दुष्कर्म किया. इसके बाद सरकारी आवास और ग्वालियर के एक फ्लैट में भी बार-बार उसका शोषण किया गया. युवती ने यह भी दावा किया कि आरोपी ने शादी के एवज में उससे 5 करोड़ रुपये की मांग की और एक महीने के लिए किसी अन्य व्यक्ति के साथ भेजने जैसी आपत्तिजनक मांगें रखीं.
शादी से मुकरा, दी धमकी
जब युवती ने शादी के लिए दबाव डाला तो आरोपी ने साफ मना कर दिया और शिकायत करने पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी. युवती की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने अरविंद माहौर के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी और धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में FIR दर्ज कर ली है. पुलिस अब मोबाइल फोन में मौजूद वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है.
इस मामले ने प्रशासनिक अधिकारियों की नैतिकता और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आरोपों की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है.