सो रहे थे कैदी, दूर था गार्ड, इधर जेल के बाथरूम में नाबालिग से रेप और हत्या के आरोपी ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या

Amanat Ansari 13 Apr 2025 01:55: PM 1 Mins
सो रहे थे कैदी, दूर था गार्ड, इधर जेल के बाथरूम में नाबालिग से रेप और हत्या के आरोपी ने फांसी लगाकर कर ली आत्महत्या

नई दिल्ली: महाराष्ट्र के कल्याण स्थित तलोजा जेल से बड़ी खबर सामने आई है. यहां नाबालिग लड़की से बलात्कार और हत्या के आरोपी व्यक्ति के द्वारा फांसी लगाकर जान दे देने की बात कही गई है. ठाणे पुलिस ने पिछले साल दिसंबर में कल्याण से 13 वर्षीय लड़की का अपहरण करने के बाद उसके साथ रेप और हत्या करने के आरोप में 35 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद उसे तलोजा जेल में भेजा गया था.

इस मामले को लेकर खारघर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक दीपक सुर्वे ने कहा है कि हमें तलोजा जेल अधिकारी से सूचना मिली कि रविवार को सुबह करीब 4.30 बजे कैदी विशाल गवली बैरक के शौचालय में गया और तौलिया बांधकर फांसी लगा ली. आत्महत्या करने के लिए उसने शौचालय की लोहे की ग्रिल और तौलिया का इस्तेमाल किया. सुबह लोगों ने उसकी लाश देखी.

उन्होंने आगे कहा कि शौचालय में दरवाजा नहीं लगाया गया था, ताकि गार्ड विचाराधीन कैदी पर नजर रख सके. उन्होंने दावा किया कि गवली सुबह-सुबह शौचालय गया था. उस समय सभी विचाराधीन कैदी सो रहे थे और बैरक में ड्यूटी पर तैनात गार्ड भी दूर थे. गवली की पत्नी साक्षी को भी पिछले साल दिसंबर में ठाणे पुलिस ने लड़की के शव को ठिकाने लगाने में मदद करने के आरोप में बुलढाणा से गिरफ्तार किया था.

आरोपी की पत्नी अभी बायकुला महिला जेल में बंद है. मृतक गवली के शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंबई के जेजे अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस और जेल के अधिकारी मामले की छानबीन कर रही है. उधर जेल में इस खबर की जानकारी लगते ही हड़कंप की स्थिति उत्पन्न हो गई. 

Maharashtra Kalyan Taloja Jail Navi Mumbai Jail Prisoner Suicide

Recent News