राहुल गांधी के सामने फूट-फूटकर रो पड़े NEET अभ्यर्थी के बेबस पिता!

Amanat Ansari 18 Jul 2026 08:35: PM 1 Mins
राहुल गांधी के सामने फूट-फूटकर रो पड़े NEET अभ्यर्थी के बेबस पिता!

देहरादून: पेपर लीक के खिलाफ उठे स्वरों में एक बार फिर भावुक क्षण देखने को मिला. कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उत्तराखंड दौरे के दौरान एक NEET अभ्यर्थी के पिता उनके सामने टूटकर रो पड़े. पिता ने अपनी बेटी की कथित आत्महत्या का दर्द साझा करते हुए न्याय की गुहार लगाई. राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में छात्रों से संवाद कर रहे थे.

इसी दौरान रिया थापा नामक NEET अभ्यर्थी के पिता ने अपना दर्द रोते हुए सुनाया. रिया थापा परीक्षा देकर घर आई थीं तो बहुत खुश थीं, लेकिन पेपर लीक की खबर सुनकर वे बुरी तरह टूट गईं. पिता ने बताया कि बेटी कहती थी, "हम साल भर मेहनत करते हैं और फिर ये सब देखना पड़ता है." NTA (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की कार्यप्रणाली से भी वह नाखुश थी. कुछ दिनों बाद रिया ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली.

रोते हुए पिता ने राहुल गांधी से अपील की, "जो मेरे साथ और मेरी बेटी के साथ हुआ, वो किसी और के साथ न हो. शिक्षा प्रणाली को सरल बनाइए और सर आप संसद में आवाज उठाइए, सबको न्याय दिलाइए." राहुल गांधी ने पिता का दर्द सुनकर कहा, "ये कोई आसान काम नहीं था कि यहां आकर अपना दुख रखना. पूरा सिस्टम पेपर लीक में शामिल है, इसलिए बेटी की मौत के बाद कोई मैसेज, चिट्ठी या माफी नहीं आई."

उन्होंने आगे कहा कि भ्रष्ट सिस्टम की वजह से पेपर लीक के मामले बढ़ रहे हैं और किसी को सजा नहीं मिल रही. कांग्रेस नेता ने कहा कि पैसे और रसूख वाले 1% लोग पेपर लीक करवाते हैं, जिसका खामियाजा 99% ईमानदार छात्रों को भुगतना पड़ता है. यह घटना NEET और अन्य परीक्षाओं में हो रहे पेपर लीक के मुद्दे को एक बार फिर राष्ट्रीय पटल पर ला दी है. पिता की यह भावुक अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

Uttarakhand Rahul Gandhi NEET Congress

Recent News