इंदौर: भगवान श्रीकृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी मौलाना जरजिस अंसारी के एक वीडियो के वायरल होने के बाद इंदौर में तीखा विवाद खड़ा हो गया है. भैय्यू महाराज ट्रस्ट की पत्नी डॉ. आयुषी देशमुख ने इस बयान की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म या आराध्य का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता. आयुषी ने मौलाना के खिलाफ FIR दर्ज करने और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
उन्होंने अपनी संस्था के माध्यम से पुलिस को आवेदन देने की बात कही. आयुषी देशमुख ने कहा, ''हिंदू धर्म या भगवानों के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ सरकार को सख्त कानून बनाना चाहिए.'' इंदौर के वकीलों में भी इस मामले को लेकर गुस्सा है. एडवोकेट दिलीप नागर, शैलेंद्र सिंह बैस, शुभम सुनहरे, सुनील डावर सहित कई वकीलों ने पलासिया टीआई को ज्ञापन सौंपकर मौलाना जरजिस अंसारी के खिलाफ तुरंत केस दर्ज करने की मांग की है.
क्या है पूरा मामला?
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में मौलाना जरजिस अंसारी ने भगवान श्रीकृष्ण को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जो लाखों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बताई जा रही है. शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस बयान से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है. धर्म का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इस मांग के साथ शहर में आक्रोश फैला हुआ है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. यह मामला संवेदनशील है. कानूनी प्रक्रिया में हर आरोपी को निर्दोष माना जाता है जब तक अदालत दोषी न ठहराए.