कराची: पाकिस्तान में एक बड़ा विमान हादसा होने की आशंका बढ़ गई है. K2 एयरवेज का बोइंग 737 कार्गो प्लेन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूटने के 14 घंटे बाद भी लापता है. विमान में कुल 5 क्रू मेंबर सवार थे. विमान अरब सागर के ऊपर उड़ान भर रहा था.
बलूचिस्तान प्रांत के ओरमारा क्षेत्र के पास से इसका संपर्क कट गया. फ्लाइट रडार 24 के अनुसार, विमान पहले नीचे आया, फिर ऊपर चढ़ा और अचानक तेजी से नीचे की ओर जाने लगा. एविएशन एक्सपर्ट्स का कहना है कि विमान अरब सागर में क्रैश हो सकता है. पाकिस्तान ने बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. नौसेना का फ्रिगेट पीएनएस जुल्फिकार मौके पर पहुंचा.
साथ ही वायुसेना के विमान भी खोज में लगे हैं और एक मर्चेंट जहाज को भी मदद के लिए भेजा गया है. यह 27 साल पुराना बोइंग 737 विमान 2018 से K2 एयरवेज के साथ था. इससे पहले यह कई कंपनियों में यात्री और कार्गो दोनों सेवाओं के लिए इस्तेमाल होता रहा.
बता दें कि पाकिस्तान में पहले भी कई बड़े हवाई हादसे हो चुके हैं. साल 2020 में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस का एक जेट क्रैश हो गया था, जिसमें 97 लोग मारे गए थे. अभी तक विमान का कोई सुराग नहीं मिला है. पाकिस्तानी सेना और नागरिक उड्डयन प्राधिकरण लगातार खोज अभियान चला रहे हैं. आगे की खबरों के लिए अपडेट रहें.