लोकसभा चुनाव के बीच आम लोगों के लिए बड़ी राहत वाली खबर सामने आई है. दरअसल अप्रैल महीने के लिए खुदरा महंगाई दर का डेटा आ गया है. आम आदमी को महंगाई से थोड़ी राहत देते हुए पिछले महीने खुदरा महंगाई दर (CPI) 4.83 फीसदी थी. ये मार्च 2024 के 4.85 के मुकाबले थोड़ा कम है.
वहीं, एक साल पहले अप्रैल, 2023 में ये 4.70 फीसदी पर थी. उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा मुद्रास्फीति मार्च में 4.85 प्रतिशत के स्तर पर थी. उस दौरान खुदरा महंगाई का आंकड़ा 10 महीनों में सबसे कम था.
इसके अलावा अप्रैल 2023 में यह 4.3 प्रतिशत थी. राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में खाद्य वस्तुओं की खुदरा मुद्रास्फीति मामूली बढ़ोतरी के साथ 8.70 प्रतिशत रही. एक महीने पहले मार्च में यह 8.52 प्रतिशत के स्तर पर थी.
बता दें कि सरकार ने खुदरा मुद्रास्फीति को दो प्रतिशत की घट-बढ़ के साथ चार प्रतिशत पर रखने का लक्ष्य भारतीय रिजर्व बैंक को दिया हुआ है. अब खुदरा महंगाई गिरकर 4.83 फीसदी पर आ गई है. अप्रैल में शहरी खुदरा महंगाई की दर गांव के मुकाबले काफी कम रही है.