तमिलनाडु में सियासी सरगर्मी तेज, बीजेपी नेता खुशबू सुंदर का विजय को खुला निमंत्रण

Amanat Ansari 04 May 2026 12:12: PM 2 Mins
तमिलनाडु में सियासी सरगर्मी तेज, बीजेपी नेता खुशबू सुंदर का विजय को खुला निमंत्रण

चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव 2026 की तैयारियां जोरों पर हैं और राजनीतिक दलों के बीच गठबंधन की कवायद तेज हो गई है. भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अभिनेता विजय को NDA में शामिल होने का साफ संकेत देते हुए अपने दरवाजे खोल दिए हैं. तमिलनाडु BJP की उपाध्यक्ष खुशबू सुंदर ने मीडिया से बातचीत में बेहद भावुक और पारिवारिक अंदाज में विजय का जिक्र किया. उन्होंने विजय को अपना ‘तांबी’ (छोटा भाई) और खुद को उनकी ‘अक्का’ (बड़ी बहन) बताया.

खुशबू ने कहा कि अगर AIADMK के नेतृत्व वाला गठबंधन बहुमत के करीब पहुंचा तो विजय NDA में आना चाहें तो उनका स्वागत होगा. खुशबू ने कहा कि यह फैसला मेरे भाई को करना है कि वे हमारे साथ आना चाहते हैं या नहीं. अक्का होने के नाते मैं उनका पूरा सम्मान करती हूं और उनके लिए शुभकामनाएं रखती हूं. लेकिन मेरी सबसे बड़ी वफादारी मेरी पार्टी के प्रति है.

उन्होंने जोर देकर कहा कि BJP ने कभी विजय की आलोचना नहीं की है. एनडीए के दरवाजे उनके लिए हमेशा खुले हैं. अगर वे NDA के साथ चुनाव लड़ना चाहते हैं तो हमें खुशी होगी. अंतिम फैसला उन्हें और उनकी पार्टी को करना है. विजय की लोकप्रियता को स्वीकार करते हुए खुशबू ने कहा कि तमिलनाडु में फिलहाल उनके भाई सबसे बड़े सुपरस्टार हैं, इसमें कोई शक नहीं. लेकिन उन्होंने यह भी चेताया कि आजकल सिर्फ स्टारडम के भरोसे चुनाव जीतना मुश्किल हो गया है.

उन्होंने कहा कि एमजीआर के समय की तरह अब सिर्फ चिन्ह दिखाकर वोट नहीं मिल जाते. हमें इंतजार करके देखना होगा कि उनकी लोकप्रियता वोटों में कितना बदल पाती है. खुशबू ने सिनेमा और राजनीति के रिश्ते पर बात करते हुए जयललिता, करुणानिधि और विजयकांत जैसे नामों का हवाला दिया. उन्होंने कहा कि कुछ फिल्मी सितारे राजनीति में सफल हुए, लेकिन कई नहीं भी हुए.

DMK पर तीखा हमला

खुशबू ने सत्तारूढ़ DMK पर भी जमकर निशाना साधा. उन्होंने पूछा कि पार्टी कनिमोझी करुणानिधि को मुख्यमंत्री का चेहरा क्यों नहीं बनाती? उन्होंने कहा कि DMK बहुत पितृसत्तात्मक है. अगर कनिमोझी को CM कैंडिडेट बनाया जाए तो जयललिता के बाद मैं सबसे पहले उनका समर्थन करूंगी. आखिर अगला मुख्यमंत्री हमेशा बेटा ही क्यों होना चाहिए?

उन्होंने DMK पर आरोप लगाया कि वह BJP-AIADMK गठबंधन को लेकर गलत प्रचार कर रही है. खुशबू ने कहा कि एग्जिट पोल तो ज्योतिषियों जैसी बात है. असली फैसला जनता करती है.

परिवारवाद का लगाया आरोप

खुशबू ने DMK और कांग्रेस दोनों पर परिवारवाद खत्म करने की बात कही. उन्होंने पूर्व CM एडप्पाडी पलानीस्वामी के कार्यकाल की तारीफ करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य का बेहतर विकास हुआ.

तमिलनाडु चुनाव 2026 में विजय की भूमिका को लेकर सियासी हलचल अब और तेज हो गई है. BJP का यह नरम रवैया और खुशबू का भावुक बयान इस बात का संकेत है कि NDA विजय जैसे बड़े चेहरे को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में लगा है. अब देखना यह होगा कि विजय और उनकी पार्टी इस ऑफर पर क्या फैसला लेती है.

Tamil Nadu BJP Vice President Khushbu Sundar Vijay Alliance Invitation

Recent News