बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री पर एक बार फिर निशाना साधा है. साथ ही उन्होंने इंडिया गठबंधन को बहुमत मिलने का भी दावा किया है. तेजस्वी यादव ने लालू यादव के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि सफाया तो हो ही गया है और डर बहुत ज्यादा है. इंडिया गठबंधन के हम लोग इस बार 300 से भी ज्यादा सीटें लाने जा रहे हैं. हम लोग पूरी मजबूती के साथ खड़े हैं.
बता दें कि आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने आरक्षण के मुद्दों को लेकर बीजेपी पर हमला बोला था. गुरुवार (16 मई) को लालू प्रसाद यादव ने एक्स हैंडल से पोस्ट करते हुए देशवासियों के लिए संदेश लिखा. लालू ने कहा था कि देश का संविधान नहीं रहेगा तो देश में लोकतंत्र भी नहीं रहेगा.
एक्स पर लालू ने लिखा कि प्यारे देशवासियों, सतर्क और सावधान हो जाइए. भाजपा आपका आरक्षण, देश का लोकतंत्र और संविधान खत्म करने पर तुल गया है.
लालू यादव ने कहा था कि देश का संविधान नहीं रहेगा तो देश में लोकतंत्र भी नहीं रहेगा. आप देश के समान रूप से नागरिक भी नहीं रहेंगे. आप ऐसे नागरिक नहीं रहेंगे जिनके पास अधिकार होंगे, संवैधानिक सुरक्षा और उपचार के उपाय हों. आप चंद लोगों के गुलाम मात्र रह जाएंगे.