हमीरपुर: गुरुवार देर रात उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में भयंकर आंधी और बारिश ने तबाही मचा दी. बेतवा नदी पर बन रहे एक बड़े पुल का स्लैब अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर 6 मजदूरों की मौत हो गई. कई अन्य लोग मलबे में फंस गए हैं. एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं.
हादसा ललपुरा क्षेत्र के मोराकांदर (परसनी) से कुरारा के नैठी-कंडौर गांवों के बीच बन रहे एक किलोमीटर लंबे पुल पर हुआ. राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद के प्रयास से स्वीकृत इस पुल का निर्माण कार्य चल रहा था. घटना 28-29 मई की मध्यरात्रि करीब 2 बजे हुई, जब पुल का स्लैब ढह गया. उस समय कई मजदूर पुल के नीचे सो रहे थे.
हमीरपुर के एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया, "सूचना मिलते ही हम मौके पर पहुंच गए. तीन लोग पिलर में फंसे हुए हैं. एसडीआरएफ की टीम उनके बचाव के लिए लगातार प्रयास कर रही है. मलबा हटाकर शवों को बाहर निकाला जा रहा है."
इस हादसे के बाद निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों पर सवाल उठने लगे हैं. आंधी-बारिश की चेतावनी के बावजूद मजदूरों को पुल के नीचे सोने दिया जाना और निर्माण स्थल पर उचित सुरक्षा इंतजाम न होने के आरोप लग रहे हैं. स्थानीय प्रशासन ने जांच के आदेश दे दिए हैं.
मौसम विभाग ने पहले ही कई जिलों में आंधी-बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की थी. इस घटना में मरने वालों के परिजनों में शोक का माहौल है, जबकि फंसे मजदूरों को बचाने की घड़ी-घड़ी की खबर का इंतजार जारी है.