CM योगी का नववर्ष पत्र: युवाओं से खास अपील कर 2025 को AI और टेक्नोलॉजी के नवाचार का वर्ष बताया

Amanat Ansari 30 Dec 2025 06:07: PM 1 Mins
CM योगी का नववर्ष पत्र: युवाओं से खास अपील कर 2025 को AI और टेक्नोलॉजी के नवाचार का वर्ष बताया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नए आंग्ल वर्ष 2026 के आगमन पर प्रदेशवासियों के नाम एक प्रेरणादायक पत्र लिखा है. इस पत्र में उन्होंने वर्ष 2025 को टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा में नवाचार के नए मापदंड स्थापित करने वाले वर्ष के रूप में याद किया. सीएम योगी ने सुशासन की बदौलत 'ब्रांड यूपी' को विश्व स्तर पर सशक्त बनाने और राज्य को निवेशकों के विश्वास का केंद्र बनाने का जिक्र किया.

पत्र की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने लिखा, "मेरे सम्मानित प्रदेश वासियों, यह आंग्ल वर्ष 2026 में प्रवेश का समय है. 2025 का वर्ष टेक्नोलॉजी, एआई व डेटा में नवाचार के नए मापदंड स्थापित करने के लिए स्मरण किया जाएगा. उत्तर प्रदेश भविष्योन्मुखी विकास के नए मानक गढ़ रहा है."

सीएम योगी ने प्रदेश में सुशासन की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि निवेश तभी फलता-फूलता है जब समाज और राज्य सुरक्षित हों. सुशासन के राज ने विश्व भर में 'ब्रांड यूपी' को मजबूत किया है, जिससे उत्तर प्रदेश अब निवेशकों के विश्वास का राज्य बन गया है.

पत्र का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा युवाओं के लिए है. मुख्यमंत्री ने युवाओं से विशेष अपील की कि वे वर्ष 2026 के लिए एक खास संकल्प लें. उन्होंने लिखा, "मैं चाहूंगा कि मेरे युवा साथी वर्ष 2026 के लिए एक विशेष संकल्प लें. आप अपने आसपास 5 बच्चों को कंप्यूटर और एआई के विषय में जागरूक करें. हर सप्ताह कम से कम एक घंटा 'ज्ञानदान' के लिए निकालें."

इस पत्र को सोशल मीडिया पर साझा करते हुए सीएम योगी ने प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और सरकार तथा जनता के संयुक्त प्रयासों से विकसित उत्तर प्रदेश के सपने को साकार करने का आह्वान किया. इस संदेश से प्रदेश में डिजिटल शिक्षा और एआई जागरूकता को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

CM Yogi Adityanath Uttar Pradesh development AI education Uttar Pradesh Digital literacy initiative UP

Recent News