योगी सरकार के मंच पर TMC की एंट्री! 459 जोड़ों को बांट दिए TMC छाप गद्दे, मच गया महाबवाल

Global Bharat 26 Jul 2026 10:23: AM 1 Mins
योगी सरकार के मंच पर TMC की एंट्री! 459 जोड़ों को बांट दिए TMC छाप गद्दे, मच गया महाबवाल

उन्नाव : उत्तर प्रदेश के उन्नाव में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी प्रशासनिक चूक सामने आई है. कार्यक्रम में नवविवाहित 459 जोड़ों को सरकार की ओर से उपहार स्वरूप गद्दे वितरित किए गए, लेकिन इन गद्दों पर तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिह्न और TMC लिखा हुआ मिला. मामला सामने आते ही जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया और विपक्ष ने भी इस पर सवाल उठाने शुरू कर दिए.

जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दूल्हा-दुल्हनों को घरेलू उपयोग की विभिन्न सामग्री भेंट की गई थी. इसी दौरान वितरित किए गए गद्दों पर पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का चुनाव चिह्न छपा होने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. मामला तूल पकड़ने के बाद उन्नाव जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया और गद्दों की आपूर्ति करने वाले अलीगढ़ स्थित सप्लायर को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है.

प्रशासन का कहना है कि यह जांच की जा रही है कि आखिर सरकारी योजना के लिए ऐसे गद्दों की आपूर्ति कैसे हुई और क्या यह सप्लायर की लापरवाही थी या खरीद प्रक्रिया में किसी स्तर पर गंभीर चूक हुई. जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

इस पूरे घटनाक्रम ने खरीद प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि जब लखनऊ और कानपुर जैसे बड़े शहर नजदीक मौजूद हैं, तब अलीगढ़ के ठेकेदार से सामान क्यों मंगवाया गया. कुछ लोगों का आरोप है कि यदि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो खरीद प्रक्रिया में अनियमितताओं और संभावित कमीशनबाजी का भी खुलासा हो सकता है.

हालांकि, इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है और सप्लायर से जवाब तलब किया गया है. जांच के निष्कर्ष आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह केवल लापरवाही थी या इसके पीछे कोई बड़ी गड़बड़ी छिपी है.

Unnao Samuhik Vivah Scheme TMC Symbol Mattress Controversy Yogi Government News UP Government Marriage Scheme Unnao Viral News

Description of the author

Recent News