पश्चिम बंगाल में संदिग्ध ISI एजेंट गिरफ्तार, फर्जी पहचान बनाकर रह रहा था पाकिस्तानी नागरिक

Global Bharat 12 Aug 2026 11:51: PM 1 Mins
पश्चिम बंगाल में संदिग्ध ISI एजेंट गिरफ्तार, फर्जी पहचान बनाकर रह रहा था पाकिस्तानी नागरिक

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है. पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने उत्तर 24 परगना जिले के हाबरा इलाके से पाकिस्तान के एक संदिग्ध ISI एजेंट को गिरफ्तार किया है.  आरोपी की पहचान पाकिस्तान के फैसलाबाद निवासी राना रऊफ उर्फ वहाब आलम के रूप में हुई है। उसे बुधवार को बारासात कोर्ट में पेश किया गया.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपी ने भारत में अपनी असली पहचान छिपाने के लिए फर्जी दस्तावेजों का सहारा लिया था. रिपोर्ट के अनुसार, वह नेपाल सीमा के रास्ते भारत में दाखिल हुआ था और इसके बाद कोलकाता के तपसिया इलाके का फर्जी पता इस्तेमाल कर भारतीय पहचान बनाने की कोशिश की. STF को उसके पास से फर्जी पहचान से जुड़े दस्तावेज मिलने की बात सामने आई है.

जांच का सबसे अहम पहलू आरोपी के कथित ISI कनेक्शन को लेकर है. अधिकारियों को संदेह है कि वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में था और भारत में संवेदनशील गतिविधियों से जुड़ी जानकारी जुटा रहा थ.  रिपोर्टों में सेना, BSF और रेलवे से जुड़ी जानकारियों की संभावित जासूसी की भी जांच किए जाने की बात सामने आई है. हालांकि, इन आरोपों की पूरी तस्वीर पूछताछ और जांच आगे बढ़ने के बाद ही साफ होगी.

STF अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी भारत में कितने समय से सक्रिय था, उसके संपर्क किन लोगों से थे और क्या उसके साथ कोई अन्य लोग भी जुड़े हुए थे. मामले में तपसिया इलाके से एक अन्य संदिग्ध सहयोगी को भी हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है.

फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है. एजेंसियां आरोपी के भारत आने, फर्जी पहचान बनाने और संभावित जासूसी नेटवर्क से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही हैं.

West Bengal STF Pakistan ISI Agent Rana Rauf Habra Arrest Pakistan Spy Network

Description of the author

Recent News