Wayanad Lok Sabha bypoll: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी (Congress leader Priyanka Gandhi) ने वायनाड में आगामी उपचुनाव के लिए अपने अभियान की शुरुआत की. इस दौरान सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी सहित पार्टी नेताओं की मौजूदगी रही. इस दौरान प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आप मेरे भाई के साथ तब खड़े रहे जब पूरी दुनिया उनसे मुंह मोड़ रही थी. आपने उन्हें लड़ते रहने की ताकत और हिम्मत दी.
प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरा पूरा परिवार हमेशा आपका ऋणी और आभारी रहेगा. मुझे पता है कि उन्हें आपको छोड़ना पड़ा और मैं वादा करती हूं कि मैं आपके और उनके बीच के रिश्ते को और मजबूत करूंगी. प्रियंका गांधी ने आश्वासन दिया है कि वह उनके संघर्षों और मुद्दों को समझने के लिए काम करेंगी, उन्होंने कहा कि मेरे भाई ने मुझे उन बड़ी समस्याओं के बारे में बताया है जिनका आप सामना कर रहे हैं... मैं आपके घर आना चाहती हूं और सीधे आपसे समझना चाहती हूं कि आपके मुद्दे क्या हैं और हम उनसे कैसे निपट सकते हैं.
प्रियंका गांधी ने कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे को उनकी उम्मीदवारी को मंजूरी देने के लिए और उनके परिवार को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि अगर आप मुझे मौका देंगे तो आपका प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी. उपचुनाव 13 नवंबर को होने वाला है. प्रियंका गांधी का मुकाबला भाजपा की नव्या हरिदास और एलडीएफ उम्मीदवार सत्यन मोकेरी से होगा.
वहीं लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने वायनाड के लोगों से अपनी बहन प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) का ख्याल रखने की अपील की, क्योंकि प्रियंका गांधी इस निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा उपचुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर रही हैं. प्रियंका गांधी के नामांकन दाखिल करने के बाद वायनाड में एक रैली को संबोधित करते हुए राहुल ने कहा कि वायनाड (Wayanad) देश का ऐसा निर्वाचन क्षेत्र है, जहां से दो सांसद हैं. एक आधिकारिक सांसद है और दूसरा अनौपचारिक सांसद है और दोनों वायनाड के हितों की रक्षा के लिए काम करेंगे.