आपको फिल्म नायक की कहानी तो याद होगी जिसमे अनिल कपूर एक दिन के लिए सीएम बनते हैं और भ्रष्टाचार को खत्म करने की कोशिश करते हैं. ऐसी ही एक कहानी उज्जैन से निकल कर सामने आई है जहां पर एक 12वी कक्षा में टॉप करने वाले छात्र को एक दिन का विधायक बनाया गया. यही नहीं हैरानी की बात ये है कि इस लड़के ने वो सारे काम किए जो एक विधायक द्वारा किये जाते हैं.
क्या है पूरा मामला
दरअसल मध्य प्रदेश ( Madhya Pradesh) के उज्जैन( Ujjain) जिले के नागदा में फिल्म नायक की कहानी सच साबित हो गई. 12वीं कक्षा में टॉप करने वाले छात्र को एक दिन का विधायक बनाया गया. वही ठाट बाट, वही रॉब के साथ छात्र को एक दिन के लिए विधायक की जिम्मेदारी दी गयी. इस दौरान छात्र ने वो सभी कार्य किए जो एक विधायक करते हैं. जानकारी के मुताबिक छात्र को विधायक की तरह प्रोटोकॉल दिया गया और लगभग 1 करोड़ रुपए की लागत से पूरे होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन करवाने के साथ ही शिलालेख पर भी छात्र का नाम दर्ज करवाया गया है.

आपको बता दें कि नागदा के साहित्य ( Sahitya Sen) ने कक्षा 12वीं में 96.20 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं और प्रदेश में दसवां स्थान लेने वाले और जिले में प्रथम स्थान हासिल किया है. यही नहीं इस छात्र ने जैसे ही एक दिन विधायक की जिम्मेदारी संभाली उसके इनकी तारीफ करते नहीं थका.
खबरों के मुताबिक एक दिन का विधायक बने छात्र ने पीएम आवास योजना के कार्यों का लोकार्पण किए जाने के साथ ही बेरछा विद्यालय की 7 अतिरिक्त कक्षाओं का भूमिपूजन भी किया गया. भूमिपजन और लोकार्पण कार्यों के साथ ही साहित्य सेन ने जनता दरबार लगाया और यहां आने वाले लोगों की समस्याएं सुनी और जल्द से जल्द उनका समाधान भी करवाया. हालांकि इस छात्र की चर्चा इसलिए भी ज्यादा है क्योंकि जिले में ऐसा पहली बार ऐसा देखने को मिला है जब किसी विधायक ने एक दिन के लिए किसी टॉपर छात्र को उसी प्रोटोकॉल से विधायक बनाया हो.
जब स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय विधायक तेजबहादुर सिंह चौहान( Tej Bahadur Singh Chauhan) के स्थान पर साहित्य को विधायक की गाड़ी में देखा तो सब चौक गए. बाद में जब लोगों को विधायक तेज बहादुर सिंह चौहान के इस नयी कोशिश के बारे में बताया गया तब जाकर लोगों ने इस काम की खूब तारीफ की. बता दें कि शिक्षा के रास्ते में बच्चों की और रुचि बढ़े इसलिए विधायक जी ने ये फैसला किया था. जिसके बाद साहित्य सेन ने अपनी विद्या से सबको चौका दिया. जिले में हर कोई अब साहित्य की प्रशंसा कर रहा है.
विधायक बनने के बाद साहित्य ने ऐसे किए कार्य
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साहित्य सेन ने बैरछा में 60 से 65 लाख रुपए की लागत से उप-स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया. साथ ही सीसी रोड का निर्माण जिसकी लागत 8 लाख रुपए बताई गई है, 5 लाख रुपए की विधायक निधि से सीसी रोड का निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय 98 लाख रुपये की लागत से 7 अतिरिक्त कक्ष के निर्माण का लोकार्पण और आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा 9.18 लाख रुपए की लागत से सीसी रोड निर्माण के कार्यक्रमों में शामिल भी हुए. यही नहीं एक दिन के लिए बने विधायक ने करीब एक करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले विकास कार्यों का भूमि पूजन और लोकार्पण किया. इनमें सीसी रोड, स्वास्थ्य केंद्र और प्रधानमंत्री आवास योजना के मकान शामिल हैं.
यही नहीं विधायक साहित्य सेन ने अपने कार्यालय में आम जनता से भी मुलाकात की. उनकी समस्या सुनी. इस दौरान एक छात्रा ने विधायक साहित्य को शिक्षा का अधिकार योजना का लाभ न मिलने की समस्या बताई जिस पर विधायक साहित्य ने तुरंत बीआरसी और स्कूल संचालक को इस समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए.