...जो लोग बिहार में लालटेन लेकर विकास ढूंढ रहे हैं उन्हें ये रिपोर्ट आखिर तक जरूर सुननी चाहिए. बिहार की राजधानी पटना जो लंबे वक्त से मेट्रो के इंतजार में थी, वहां मेट्रो का परिचालन अगस्त महीने में शुरू होने वाला है. उसकी तारीख भी सामने आ गई है, लेकिन उससे भी बड़ी ख़बर एक और है, जिसे सुनकर आप भी ये मान लेंगे कि बिहार के विकासपुरुष नीतीश कुमार ही हैं. 15 अगस्त 2025 को नीतीश कुमार पटना मेट्रो का उद्घाटन करेंगे, फर्स्ट फेज में मलाही पकड़ी से आईएसबीटी तक मेट्रो चलेगी, लेकिन इससे भी मजेदार बात ये है कि दूसरे शहर में मेट्रो की प्लानिंग भी शुरू हो गई है. जिससे रेशम उद्योग से जुड़े लोगों और स्थानीय निवासियों को बंपर फायदा मिलेगा.
ये शहर है बिहार का भागलपुर...जहां की भागलपुरी साड़ी दुनियाभऱ में फेमस है. वहां के डीएम डॉ. नवल किशोर ने मेट्रो परियोजना की प्रगति को लेकर एक बैठक की है, जिसमें रेलवे उपक्रम राइट्स की सर्वे रिपोर्ट पेश की गई. राइट्स की रिपोर्ट में सुधार कर प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने की तैयारी है. इसके बाद विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने के लिए टेंडर जारी किया जाएगा. जिस कंपनी को यह टेंडर मिलेगा, वह मेट्रो परियोजना की डीपीआर तैयार करेगी. डीपीआर और मंजूरी प्रक्रिया को अंतिम रूप देने के बाद काम शुरू करने की योजना बनाई जाएगी.
फरवरी 2025 तक डीपीआर होगा तैयार
फरवरी 2025 तक डीपीआर नीतीश कुमार के टेबल तक पहुंच जाएगी, जहां से नीतीश कुमार जल्द से जल्द इसे मंजूरी देंगे, और उसके बाद ये तय होगा कि भागलपुर के 24 किलोमीटर के एरिये में जो 22 मेट्रो स्टेशन बनाए जाने का प्लान है, वो कैसे और कब तक बनेगा, खुद नीतीश कुमार इंजीनियर हैं, और बिहार के विकास पर शुरू से उनका फोकस रहा है, इसलिए पटना के बाद भागलपुर मेट्रो भी जल्द से जल्द बनकर तैयार हो सकता है, हालांकि कुछ लोग अभी से ये कहने लगे हैं कि बिहार में पान खाकर थूकने का जो चलन बना है, कलेक्ट्रेट से लेकर कई सरकारी इमारतों की दीवारें इसकी गवाह हैं, उस पर रोक लगाना बेहद चुनौतीपूर्ण होगा, ये ठीक वैसा ही है जैसे बुलेट ट्रेन की बात पर लालू यादव कहा करते थे जब ट्रेन इतनी स्पीड में चलेगी तो लोग लोटा लेकर कहां जाएंगे, पर इन बातों से हटकर आपको आपके मतलब की बात बताते हैं कि पटना में कहां से कहां तक मेट्रो चलेगी, और इससे कितना फायदा मिलने वाला है.
जुलाई में पटना में काम हो जाएगा पूरा
जुलाई 2025 में पटना मेट्रो के पहले चरण का काम पूरा होने की उम्मीद है, करीब 26 स्टेशन पहले चरण में बने हैं. मलाही पकड़ी से न्यू ISBT तक इस चरण में मेट्रो चलेगी, फिर इसे तख्त हरमंदिर साहिब गुरुद्वारा, पटना एयरपोर्ट और पटना जंक्शन रेलवे स्टेशन से भी जोड़ा जाएगा. जिससे ट्रैफिक जाम से तो निजात मिलेगी ही. सस्ता और तेज सफर का आनंद भी मिलेगा. अभी किराया कितना होगा इसकी जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन दिल्ली मेट्रो की तुलना में पटना मेट्रो का किराया कम होने की उम्मीद है.
1400 करोड़ की लागत से बन रहा एयरपोर्ट
नीतीश कुमार का सपना है कि जल्द से जल्द बिहार मेट्रो वाला शहर बन जाए, चूंकि इसी साल चुनाव भी है. इसलिए इसे चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है, पर सियासत से हटकर देखें तो बिहार में मेट्रो का क्रेज अभी से ही कुछ इस कदर है कि पटना में मेट्रो चलने के बाद उसे बिहटा एयरपोर्ट से जोड़े जाने की मांग उठने लगी है, जैसे नोएडा में जेवर एयरपोर्ट बन रहा है, जिससे दिल्ली एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक का बोझ कम होगा ठीक वैसे ही बिहटा में करीब 1400 करोड़ की लागत से नीतीश सरकार एयरपोर्ट बनवा रही है.
इसकी दूसरी वजह ये भी है कि पटना एयरपोर्ट का सही से विकास नहीं हो पाया, लालू यादव ने अपने ससुराल में गोपनीय एयरपोर्ट तो बनवा लिया, लेकिन पटना एयरपोर्ट पर ध्यान नहीं दिया, नतीजा नीतीश सरकार लोगों की सहूलियत के लिए बिहटा में एय़रपोर्ट बनवा रही है. वहां तक अगर मेट्रो गई, तो फिर आरा के लोग भी मेट्रो की मांग करेंगे, शायद यही वजह है कि नीतीश कुमार ने भविष्य की योजनाओं को देखते हुए पटना के आसपास के जिलों में भी मेट्रो को लेकर प्रस्ताव बनाने को हरी झंडी दे दी है, जिससे बिहार के लोगों को न सिर्फ फायदा मिलेगा, बल्कि बिहार भी मेट्रो सिटी की लिस्ट में शुमार हो जाएगा, और निवेश से लेकर पर्यटन तक में इससे बढ़ोत्तरी देखने को मिलेगी, जिससे बिहार का खजाना बढ़ेगा.