शाहजहांपुर: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पुलिस विभाग ने अनुशासन बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाया है. पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने लंबे समय से ड्यूटी पर अनुपस्थित रहने वाले 17 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. इस कार्रवाई में एक उपनिरीक्षक (दरोगा) और एक महिला कांस्टेबल भी शामिल हैं.
इनमें से एक कर्मी वर्ष 2023 से ही गायब चल रहा था, जबकि बाकी 16 पिछले एक साल से लगातार ड्यूटी पर नहीं आ रहे थे. एसपी कार्यालय ने इन सभी कर्मियों को कई बार नोटिस जारी किए और स्पष्टीकरण मांगा, लेकिन किसी ने भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया. विभाग द्वारा सूची तैयार करने के बाद एसपी ने फाइल की जांच की और निलंबन के आदेश जारी किए. यह फैसला जिले के विभिन्न थानों में तैनात इन कर्मियों की लापरवाही और अनुपस्थिति पर आधारित है.
कुछ सूत्रों के अनुसार, कई कर्मी संभवतः दूसरी जगह नौकरी कर रहे हैं या अन्य व्यक्तिगत कारणों से अनुपस्थित हैं, लेकिन विभाग को इसकी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली. इस कड़ी कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है, क्योंकि एसपी ने अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस का रुख अपनाया है.