वाराणसी में पुलिस की गुंडागर्दी, चौकी में छात्रों पर बरसाए डंडे, बाल पकड़ कर जमीन पर घसीटा

Rahul Jadaun 02 Mar 2025 07:02: PM 3 Mins
वाराणसी में पुलिस की गुंडागर्दी, चौकी में छात्रों पर बरसाए डंडे, बाल पकड़ कर जमीन पर घसीटा

वाराणसी: शरीर पर खाकी वर्दी हो, हाथ में सरकारी डंडा हो, कंधे पर दो सितारे हों तो क्या इंसान भगवान से भी बड़ा बन जाएगा. क्या इस ताकत के आगे इंसानियत को ताक पर रख दिया जाएगा. आम तौर पर लोगों का जवाब तो नहीं में ही आएगा, लेकिन संकटमोचन पुलिस चौकी के इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी साहब के लिए इसका जवाब हां है.

ये जो तस्वीरें आप देख रहे हैं. ये इन्हीं दारोगा जी की हैं, जिनका नाम नवीन चतुर्वेदी है. हाथ में डंडा लेकर दे दनादन जिसे मार रहे हैं. वो कोई देशद्रोही नहीं है, बल्कि छात्र हैं. वही छात्र जिन्हें योगी आदित्यनाथ देश का भविष्य बताते हैं. आज देश का वही भविष्य बाल पकड़ कर उत्तर प्रदेश के थाने में जमीन पर घसीटा जा रहा है. डंडों की बरसात तो ऐसे हो रही है मानो इसने कोई इतना बड़ा गुनाह कर दिया हो जिसकी माफी कानून की किताब से लेकर इंसानियत की नजरों में भी नहीं है. बेचारा छात्र संकटमोचन चौकी इंचार्ज को बजरंग बली की दुहाई देता है, लेकिन दबंग दरोगा का हाथ नहीं रुकता.

जब दरोगा एक को मारता है तो बाकी को चेतावनी भी देता है. कहता है कि अगला नंबर तुम्हारा है. दरोगा जी ये पाकिस्तान या अफगानिस्तान नहीं है. जहां डंडा शासन करेगा और देश के भविष्य को जूते की नोंक तले कुचल कर रख देगा. इस पूरे वीडियो की सच्चाई क्या है. ये लड़के कौन हैं. इनका गुनाह क्या है. इन सारे सवालों के जवाब हम आपको बताएंगे, लेकिन उससे पहले जरा इस वीडियो को देखिए.

वीडियो देख कर आप समझ गए होंगे कि ये स्कूल कॉलेज में पढ़ने वाले बच्चे हैं. जिन्हें थर्ड डिग्री देकर चौकी इंचार्ज खुद को ब्लैक कमांडो समझ रहे हैं. अब आपको पूरा मामला भी समझा देते हैं. ये वीडियो वाराणसी का है. वाराणसी प्रधानमंत्री मोदी का सांसदीय क्षेत्र हैं. पीएम अक्सर पुलिस की तारीफ करते हुए भी नजर आते हैं, लेकिन उसी वाराणसी से खाकी का खतरनाक वीडियो वायरल हो गया. ये वीडियो वाराणसी के लंका थाना क्षेत्र में पड़ने वाली संकटमोचन पुलिस चौकी का है, जहां के चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी हैं.

कुछ समय पहले छात्रों के दो गुटों में कोई झड़प चौकी क्षेत्र में हुई थी. जिसका सीसीटीवी फुटेज हाल ही में संकटमोचन चौकी को मिला था, इसी विडियो के आधार पर पुलिस चौकी इंचार्ज नवीन चतुर्वेदी ने एक पक्ष के कुछ छात्रों को चौकी बुलाया. इस दौरान जो कुछ भी हुआ उसका किसी ने चुपके से वीडियो बना लिया. अब ये वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

दरअसल, छात्रों के चौकी पहुंचने के बाद इंचार्ज साहब खुद को फिल्मी दरोगा समझने लग जाते हैं. एक छात्र को उठाते हैं. उसके बाल पकड़ते हैं. जमीन पर गिरा कर पंखे की तरह घुमा देते हैं और फिर दरोगा की दरिंदगी का नंगा नाच शुरू हो जाता है. बेचारा छात्र दरोगा से छोड़ने के लिए गिड़गिड़ाता रहता है. लेकिन लगातार उसके ऊपर डंडे बरसाए जाते हैं. जब ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो आला अधिकारियों को भी हरकत में आना पड़ा. क्योंकि इस दरोगा के कारनामे से पूरे पुलिस विभाग की बदनामी होने लगी.

लोगों में आक्रोश बढ़ने लगा और फिर पुलिस प्रशासन पर उठते सवालों को रोकने के लिए अधिकारियों को एक्शन लेना पड़ा. काशी जोन के डीसीपी गौरव बंसवाल ने आरोपी दरोगा नवीन चतुर्वेदी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. साथ ही कह जा रहा है कि डीसीपी ने सभी पुलिस कर्मियों के लिए चेतावनी भी जारी की है. किसी भी हाल में कानून को हाथ में ना लिया जाए, लेकिन वाराणसी पुलिस के इस कारनामे ने एक पल में ही 2 महीने के कमाए नाम पर धब्बा लगाने का काम किया है.

up police varanasi varanasi police varanasi news

Recent News