'रामभक्तों के खून से सना है सपा का इतिहास', CM योगी ने अखिलेश-राहुल को दिखाया आईना!

Rahul Jadaun 12 Jul 2026 01:34: PM 2 Mins
'रामभक्तों के खून से सना है सपा का इतिहास', CM योगी ने अखिलेश-राहुल को दिखाया आईना!

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए उनके राजनीतिक इतिहास पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। गोरखपुर में विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जब भी मौका मिला, कांग्रेस और सपा ने भारतीय मानबिंदुओं पर कुठाराघात किया है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि समाजवादी पार्टी का इतिहास रामभक्तों के खून से सना हुआ है। वहीं, कांग्रेस ने केंद्र सरकार में रहते हुए सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा देकर भगवान श्रीराम को मिथक और काल्पनिक साबित करने का कुत्सित प्रयास किया था।

'हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है कांग्रेस'— मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब केंद्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब उसने सुप्रीम कोर्ट में बाकायदा शपथ पत्र देकर भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के अस्तित्व को काल्पनिक बताया था। उन्होंने इतिहास का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस शुरुआत से ही हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करती रही है। जब भगवान सोमनाथ मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के ऐतिहासिक अवसर पर तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद को आमंत्रित किया गया था, तब उसका विरोध भी कांग्रेस ने ही किया था। कांग्रेस के साथ सपा को कटघरे में खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "सपा के बारे में तो कहना ही क्या, सपा का इतिहास रामभक्तों के खून से सना है।"

'विरासत और विकास के विजन को पचा नहीं पा रहा विपक्ष'                   

सीएम योगी ने विपक्षी दलों पर समाज को बांटने का आरोप लगाते हुए कहा कि ये दोनों पार्टियां जाति के नाम पर साजिश रचकर विकास प्रक्रिया को बाधित करती हैं, जिनसे आम जनता को सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा की सरकारों में दंगे होते थे, पर्व-त्योहारों पर प्रतिबंध लगाए जाते थे और कांवड़ यात्रा तक रोकी जाती थी। आज जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में भाजपा की डबल इंजन सरकार विरासत के संरक्षण और विकास के विजन के साथ आगे बढ़ रही है, तो विपक्ष इसे पचा नहीं पा रहा है।

कनेक्टिविटी से बढ़ती है विकास की स्पीड

जनता को एकजुट रहने का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास ही अच्छे वर्तमान और उज्ज्वल भविष्य का आधार है। यदि हम जातियों में बंटे तो इसकी बड़ी कीमत वर्तमान और भावी पीढ़ी को चुकानी पड़ेगी। उन्होंने गोरखपुर की जनता को बधाई देते हुए कहा कि जब अच्छे लोग चुने जाते हैं तो परिणाम भी अच्छे आते हैं। आपने यहां अच्छे ब्लॉक प्रमुख, अच्छे विधायक और अच्छे सांसद को चुना, जिससे विकास का सिलसिला निरंतर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने रोड कनेक्टिविटी को अनिवार्य बताते हुए कहा कि जितनी अच्छी कनेक्टिविटी होगी, विकास की स्पीड उतनी ही तेज होगी और इसी समृद्धि से खुशहाली आएगी।

#CMYogi #YogiAdityanath #GorakhpurNews #UPPolitics #AkhileshYadav #RahulGandhi #RamBhakts #DoubleEngineGovt #DevelopmentFirst #BreakingNewsUP

Recent News