नई दिल्ली: NEET पेपर लीक के खिलाफ जंतर-मंतर पर चल रहे CJP प्रदर्शन में 14 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से शनिवार को अभिनेता प्रकाश राज ने मुलाकात की. प्रकाश राज ने वहां पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया और युवाओं के साथ एकजुटता जताई.
सोशल मीडिया पर सोनम वांगचुक के साथ तस्वीरें शेयर करते हुए प्रकाश राज ने लिखा, ''जंतर-मंतर पर अपने देश के युवाओं के साथ एकजुटता दिखाते हुए.'' इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत भी की. इसी मुद्दे पर सिंगर चिन्मयी श्रीपदा ने भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने उम्मीद जताई कि सोनम वांगचुक जल्द अपना अनशन समाप्त कर लेंगे.
एक पोस्ट के रिप्लाई में चिन्मयी ने लिखा, ''मुझे उम्मीद है कि सोनम अपना अनशन खत्म कर देंगे. अगर सरकार और जिम्मेदार लोग उनकी या उनके मुद्दों की परवाह नहीं करते और उनकी जान चली जाती है, तो यह सिर्फ एक और इंसान की मौत होगी. ऐसे सिस्टम में, जहां जमीन, जंगल और पानी बड़े उद्योगपतियों के हित में सौंपे जा रहे हैं, एक और आवाज हमेशा के लिए खामोश हो जाएगी.''
CJP का बड़ा ऐलान
CJP के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास ने छात्रों और युवाओं से अपील की है कि वे 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक निकाले जाने वाले शांतिपूर्ण मार्च में जरूर शामिल हों. उन्होंने कहा कि सरकार उनकी मांगों के प्रति पूरी तरह बहरी हो चुकी है, इसलिए अब अपनी आवाज सीधे संसद तक पहुंचानी होगी. सोनम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन पर बैठे हैं, जबकि CJP NEET पेपर लीक के खिलाफ पिछले 22 दिनों से प्रदर्शन कर रही है.