मुंबई: शिवसेना (UBT) नेता और पूर्व सांसद विनायक राउत (उद्धव ठाकरे के करीबी) की बहू गिरिजा राउत ने परिवार पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया है कि सात साल से उन्हें मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का शिकार बनाया जा रहा है. गिरिजा राउत के अनुसार, बच्चा न होने के बहाने उन्हें तांत्रिकों के पास ले जाया गया.
वहां जबरन गोमूत्र पिलाया गया और जादू-टोने के लिए उनके बाल उखाड़ लिए गए. आरोप है कि परिवार के लोग उन्हें कमरे में बंद रखते थे, भूखा-प्यासा रखते थे और लगातार अपमानित करते थे. पीड़िता ने अपने पति गीतेश राउत (पार्षद), ससुर विनायक राउत और सास पर भी आरोप लगाए हैं. साथ ही दो तांत्रिकों (फिरोज और काजी) का भी नाम लिया है.
विनायक राउत का जवाब
अंधविश्वास निरोधक कानून के तहत थाने में केस दर्ज कर लिया गया है. विनायक राउत ने सभी आरोपों से इनकार किया है. उनका कहना है कि बहू 12 करोड़ रुपए, 3 कमरे का फ्लैट और कार की मांग कर रही थी. जब मांग पूरी नहीं हुई तो तलाक और मोटी रकम हासिल करने के लिए यह नाटक रचा गया है. पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है.