बुधवार को कुवैत में एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी. आग कुवैत के मंगाफ शहर स्थित एक बिल्डिंग में लगी थी, जिसमें 49 लोगों की मौत हो गई थी. मरने वालों में 45 भारतीय थे, इनमें अधिकतर मृतक भारत के केरल से थे. वहीं तीन उत्तर प्रदेश और 2 बिहार के नागरिक भी इस घटना में मारे गए हैं. हालांकि श्रम संसाधन विभाग ने बिहार से एक के मौत की पुष्टि की है.
यह भी पढ़ें-Kuwait Fire Accident: मरने वालों में 3 UP के हैं निवासी, योगी सरकार ने उठाया बड़ा कदम
एक युवक की हाल ही में होने वाली थी शादी
मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि बिहार निवासी एक युवक की हाल ही में शादी होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही जान गंवा बैठे. जब इसकी खबर परिवार के लोगों को मिली तो चीख-पुकार मच गई और सौतेली मां सहित आस पड़ोस के लोग गमगीन हो गए.
दूसरा युवक गोपालगंज का है निवासी
मरने वाले दोनों युवक की पहचान बिहार के गोपालगंज निवासी शिव शंकर सिंह और दरभंगा के काले खां के रूप में हुई है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि हाल ही में काले खां की शादी होने वाली थी, लेकिन मौत की खबर ने सभी को झकझोर दिया है. काले खां की अगले महीने ही शादी होने वाली थी और वह घर आने वाला था.
5 जुलाई को लौटने वाला था घर
उसकी शादी नेपाल में होने वाली थी और अगले महीने 5 जुलाई को लौटने वाला था. परिजनों ने मीडिया को बताया कि उसकी सगी मां का इंतकाल हो गया है, लेकिन सौतेली मां है, जिससे मृतक काफी लगाव रखता था और सगी मां की तरह ही मानता था. वहीं मौत की खबर सुनकर सौतेली मां का भी रो-रोकर बुरा हाल हो रखा है.
मंगलवार रात को मां से हुई थी बात
मृतक युवक के परिजनों ने मीडिया को बताया है कि मंगलवार की रात करीब 12 बजे काले खां ने अपनी सौतेली मां से बातचीत भी की थी. लेकिन बुधवार को जब उसने बात नहीं की तो मां सहित सभी की चिंता बढ़ गई. इसी बीच कुवैत में आग लगने की खबर ने सभी को और चिंता में डाल दिया.
एक मॉल में श्रमिक था काले खां
वहीं जब काले खां के चाचा ने कुवैत में ही रहने वाले गांव के एक युवक से बात की तो उसने उसकी मौत की खबर दी. बता दें कि काले खां कुवैत में एक मॉल में श्रमिक के रूप में काम करता था. वह 6 साल से कुवैत में था और अगले महीने भारत आकर शादी करने वाला था, लेकिन होनी को कुछ और ही मंजूर था. वहीं अब परिवार के लोग शव आने का इंतजार कर रहे हैं.