|
रोहतक: रोहतक जिले के सांपला बस स्टैंड फ्लाईओवर के पास सूटकेस में कांग्रेस कार्यकर्ता की लाश मिलने से हड़कंप मच गया है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि मृतका राहुल गांधी राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' में शामिल हुई थी, जिसका वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है. मृतका के हाथों में मेंहदी लगी हुई, जिससे पता चलता है कि वह हाल ही में किसी शादी समारोह में शामिल हुई थी.
पुलिस को संदेह है कि शव को सूटकेस में रखने से पहले उसका गला घोंट दिया गया था. दावा किया जा रहा है कि सूटकेस को पहले कुछ राहगीरों ने देखा, फिर उन्होंने पुलिस को सूचना दी. रोहतक से कांग्रेस विधायक भारत भूषण बत्रा ने मृतक की पहचान कांग्रेस कार्यकर्ता हिमानी नरवाल के रूप में की, जिन्होंने 'भारत जोड़ो यात्रा' में भाग लिया था. दावा किया जा रहा है कि मृतका विधानसभा चुनावों के दौरान हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सहायता की थी.
मृतका मूल रूप से सोनीपत के रिंधाना गांव की निवासी थी, फिलहाल वह रोहतक में रह रही थी. बत्रा ने मामले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) के गठन की मांग की. सांपला पुलिस स्टेशन के प्रभारी बिजेंद्र ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि यह एक "सुनियोजित हत्या" थी. उन्होंने बताया कि रोहतक में मामला दर्ज किया गया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस रोहतक भेज दिया गया है.
अपराध पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए हरियाणा के पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, "इस तरह से एक लड़की की हत्या बेहद दुखद और चौंकाने वाली है...इसकी उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, और दोषियों को जल्द से जल्द सख्त सजा मिलनी चाहिए." उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि राज्य में जंगल राज कायम है. हुड्डा ने राज्य में बढ़ते अपराध ग्राफ और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रहने के लिए भाजपा सरकार की आलोचना की.
यह भी पढ़ें: Pune Bus Rape Case: आरोपी ने 3 बार की खुद की जान लेने की कोशिश, हर बार रस्सी टूट गई!