|
नई दिल्ली: 8 साल से सरकार चला रहे योगी आदित्यनाथ लगातार फायर अंदाज़ में हैं. उन्हें किसी भी बात की परवाह नहीं है, कुर्सी की चिंता नहीं है, न ही उन्हें कोई बात सिवाय राम और कृष्ण के भा रही है. सरकार के 8 साल पूरे होने पर सीएम योगी का इंटरव्यू सामने आय़ा, जिसमें उनका अंदाज़ साफ दावा करता है कि आने वाले वक्त में यूपी में सियासी भूचाल आना तय है. दिल्ली हो या लखनऊ हर जगह योगी की धमक सुनाई देने वाली है. योगी ठीक उसी अंदाज़ में दिख रहे हैं, जिस अंदाज में कभी गुजरात के सीएम रहते नरेंद्र मोदी हुआ करते थे. योगी ऐसा रूप न तो जनता ने देखा था. न ही दिल्ली दरबार में किसी ने देखा था. औरंगजेब और समाजवादी पार्टी कनेक्शन क्या है ये भी योगी ने बता दिया.
औरंगजेब पर क्या बोले योगी?
औरंगजेब को सपा का आदर्श बताने के पीछे सीएम योगी तर्क देते हैं कि जो लोग महाराणा प्रताप, महाराणा सांगा, छत्रपति शिवाजी महाराज, गुरु गोविंद सिंह के बारे में पढ़े ही नहीं, अब वो लोग बताएंगे? ये लोग इतिहास के बारे में क्या जानते हैं? जो औरंगजेब और बाबर की पूजा करते हैं. और जिन्ना को अपना आदर्श मानते हैं. योगी मुसलमानों पर खुलकर बात करते हैं, जो कहते हैं वो पूरी दुनिया सुन रही है.
मुसलमानों पर क्या बोले योगी?
उत्तर प्रदेश में मुसलमान सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं. उन्होंने दोहराया- सबसे ज्यादा सुरक्षित हैं. अगर हिंदू सुरक्षित हैं तो मुसलमान भी सुरक्षित हैं. वक्फ बोर्ड ने एक भी जनकल्याण का काम नहीं किया है? आप एक भी काम नहीं गिना सकते हैं. वक्फ जिस जमीन को कह देगी कि उनकी है तो उनकी मान ली जाएगी. हम हैरान हैं. ये कौन सा आदेश है. वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर जेपीसी ने अपनी सिफारिशें की हैं, ये आज की जरूरत है. ये समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ना चाहिए. मुझे लगता है कि ये देशहित में होगा और मुसलमानों के हित में भी होगा. योगी ने बुलडोज़र नीति पर भी खुलकर जनता को समझाया कि क्यों नए भारत को बुलडोज़र की सख्त आवश्यकता है?
बुलडोज़र पर क्या बोले योगी?
कभी-कभी लोगों को उस भाषा में बातें समझाने की जरूरत होती है जिसे वे समझते हैं। जो लोग कानून को अपने हाथ में लेंगे, उन्हें कानूनी दायरे में परिणाम भुगतने होंगे. जो लोग न्याय में विश्वास करते हैं, उनके लिए न्याय होता है। जो लोग न्याय और कानून को अपने हाथ में लेते हैं, उन्हें कानून के दायरे में सबक सिखाया जाता है। इसे उसी भाषा में समझाया जाना चाहिए जिसमें वे इसे समझते हैं. योगी आगे बढ़ते हैं और मथुरा पर भी खुलकर बोलते हैं, मथुरा पर सवाल सुनकर ही गुस्से से लाल हो जाते हैं, और कहते हैं कोर्ट का आदेश है तभी रूका हूं. नहीं तो मथुरा में बहुत कुछ हो जाता.
मथुरा के सवाल पर गुस्सा हो गए योगी!
योगी ने कहा कि हमें मथुरा का मुद्दा क्यों नहीं उठाना चाहिए? क्या मथुरा श्री कृष्ण की जन्मभूमि नहीं है? हम न्यायालय के आदेश का पालन कर रहे हैं. वरना वहां बहुत कुछ हो सकता था. योगी आदित्यनाथ संभल की खुदाई पर भी खुलकर कहते हैं कि ये खुदाई तब तक जारी रहेगी जब तक हम अपना इतिहास नहीं खोज लेते हैं, इतिहास में सब लिखा है, हमारे शास्त्रों में उसका उल्लेख है.
संभल की खुदाई पर क्या बोले योगी?
सरकार कानूनी दायरे में काम कर रही है. अधिकारियों ने अब तक शहर में 54 से अधिक तीर्थ स्थलों की पहचान की है और शेष को खोजने के प्रयास जारी हैं. संभल में 64 तीर्थ स्थल हैं और हमने 54 ढूंढ लिए हैं. जो भी बाकी बचे हैं, हम ढूंढ लेंगे. हम दुनिया को बताएंगे कि संभल में क्या हुआ था? संभल एक सच्चाई है. योगी आदित्यनाथ ने जिनको कम सुनाई देता है उनको समझा दिया है कि नए भारत का पहला राज्य यूपी है, जहां न्याय बुलडोज़र करेगा, मंदिर सरकार खोजेगी, संभल की खुदाई IAS_IPS करवाएंगे...जिसको जो मानना है, मान सकता है. पर योगी का अंदाज़ तीखा होने की बजाय कम नहीं होने वाला है.