नई दिल्ली: सूर्यपेट की एक स्थानीय अदालत ने शुक्रवार को 32 वर्षीय एक महिला को कथित सर्प दोष से छुटकारा पाने के लिए अपनी सात महीने की बेटी की हत्या करने के लिए मौत की सजा सुनाई है. घटना 2021 की है, जब उक्त महिला ने अपनी बच्ची की मानव बलि दे दी थी. महिला बी भारती उर्फ लास्या दो साल पहले अपने पति को तौलने वाले पत्थर से मारने की कोशिश करने के आरोप में पहले से ही जेल में है. सूर्यपेट में अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय द्वारा जसा सुनाई गई है.
कोडाद के डीएसपी श्रीधर रेड्डी ने कहा कि सभी सबूतों के आधार पर, अदालत ने मामले को ‘दुर्लभतम’ मानते हुए निष्कर्ष निकाला और आरोपी को मौत की सजा सुनाई. भारती ने 15 अप्रैल, 2021 को सूर्यपेट जिले के मोथे मंडल के मेकलपति थांडा में अपने घर के बेडरूम में एक विशेष पूजा करते समय खुद और अपनी बेटी पर सिंदूर और हल्दी लगाई थी. भारती के पति बी कृष्णा और अभियोजन पक्ष के गवाह ने मोथे पुलिस को दिए अपने बयान में कहा कि पूजा के दौरान, मेरी पत्नी ने हमारी बेटी का गला काटकर उसकी हत्या कर दी. उसने बच्ची की जीभ भी काट दी.
यह भी पढ़ें: बिस्तर पर पत्नी को प्रेमी के साथ देखकर पति ने खोया आपा, दांत से काटा गुप्तांग
कृष्णा ने कहा कि उस समय घर पर मौजूद परिवार के एकमात्र अन्य सदस्य उनके बीमार पिता थे. मेरे पिता बिस्तर पर पड़े थे. उन्होंने बच्ची के रोने की आवाज़ सुनी और कुछ गड़बड़ होने का संदेह किया. सहारा के लिए एक छड़ी का उपयोग करते हुए, वह बिस्तर से उठे और देखा कि भारती खून से सने कपड़ों के साथ बाहर जा रही थी. उन्होंने कहा कि वह यह कहते हुए घर से चली गई कि उसने हमारी बच्ची को देवताओं को बलि के रूप में चढ़ा दिया है और सर्प दोष से छुटकारा पा लिया है.
कृष्णा के पिता द्वारा हल्ला मचाने पर पड़ोसी और रिश्तेदार तुरंत घर पहुंचे और लड़की को पास के अस्पताल में ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. मोथे पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास से हिरासत में ले लिया. मोथे एसआई यादवेंद्र रेड्डी ने बताया कि मुकदमे के दौरान 10 गवाहों से पूछताछ की गई, जिसमें पीड़िता के चाचा भी शामिल हैं, जिन्होंने सबसे पहले शव को देखा था और फोरेंसिक विशेषज्ञ भी.
2021 में चार्जशीट दाखिल होने के बाद भारती को जमानत पर रिहा कर दिया गया और वह अपने पति के साथ रहने लगी. एसआई ने बताया कि 2023 में भारती ने सोते समय कृष्णा के सिर पर एक किलो वजनी पत्थर से हमला किया. उसकी शिकायत पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया और उसे फिर से गिरफ्तार कर लिया गया. उस मामले में उसे 9 अप्रैल को सूर्यपेट की एक स्थानीय अदालत ने दोषी ठहराया और एक साल की जेल की सजा सुनाई.
भारती और कृष्णा स्कूल में सहपाठी थे और बाद में उनमें प्यार हो गया. कृष्णा ने अपने बयान में कहा कि मेरा दाहिना पैर पोलियो के कारण प्रभावित है. मैं भारती से शादी करना चाहता था, लेकिन मेरी खराब आर्थिक स्थिति के कारण उसके परिवार ने दूसरा आदमी चुन लिया. भारती ने 2008 में उससे शादी की, लेकिन बाद में व्यक्तिगत समस्याओं के कारण उसे तलाक दे दिया. बाद में, मैंने 2019 में उससे शादी कर ली. कृष्णा के अनुसार, भारती अपनी वैवाहिक समस्याओं के कारण मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित थी.
कृष्णा ने कहा कि हमारी शादी से कुछ साल पहले, एक ज्योतिषी ने उसे बताया था कि वह सर्प दोष से पीड़ित है. वह सर्प दोष अनुष्ठानों से ग्रस्त थी और अपने स्मार्टफोन पर इसके बारे में वीडियो देखती रहती थी. परिवार ने हत्या से कुछ महीने पहले खम्मम में एक मनोचिकित्सक से भी सलाह ली थी, और उसने भारती के लिए दवा लिखी थी, जिसे उसने कभी नहीं लिया. आरोपी वर्तमान में हैदराबाद में चंचलगुडा महिला केंद्रीय कारागार में बंद है.